कानपुर कचहरी में दिवंगत अधिवक्ता स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

कानपुर कचहरी परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अधिवक्ताओं ने बार एसोसिएशन एल्डर कमेटी के चेयरमैन स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव को याद किया। उनके चित्र पर माल्यार्पण कर 2 मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

Sep 29, 2026 - 17:59
0 2
कानपुर कचहरी में दिवंगत अधिवक्ता स्व. हरिश्चंद्र श्रीवास्तव को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

(संजय शुक्ला)

कानपुर : कानपुर कचहरी परिसर में मंगलवार को एक शोक सभा का आयोजन किया गया, जिसमें वकीलों ने कानपुर बार एसोसिएशन की एल्डर कमेटी के चेयरमैन और वरिष्ठ अधिवक्ता स्वर्गीय हरिश्चंद्र श्रीवास्तव को अश्रुपूरित श्रद्धांजलि अर्पित की। कचहरी परिसर में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने स्व. श्रीवास्तव के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए कानपुर बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री अनुराग श्रीवास्तव ने उनके जीवन और योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि "बाबू हरिश्चंद्र जी दीवानी न्यायालय के अत्यंत प्रख्यात एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ता थे। वे न केवल कानून के ज्ञाता थे, बल्कि जीवन भर अधिवक्ता कल्याण, उनके अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए तत्पर रहे।" उन्होंने बताया कि स्वर्गीय श्रीवास्तव वर्ष 1986 में कानपुर बार एसोसिएशन के महामंत्री पद पर चुने गए थे और वर्तमान में वे एल्डर कमेटी के को-चेयरमैन के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनका निधन अधिवक्ता समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।

सभा में वरिष्ठ अधिवक्ता प्रवीण फाइटर ने कहा कि बाबू जी के सिद्धांत, मूल्य और आदर्श सदैव युवा अधिवक्ताओं का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उनके द्वारा दिखाए गए सत्य और न्याय के मार्ग पर चलना तथा वकालत के पेशे की गरिमा को बनाए रखना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिवक्ताओं ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को यह दुख सहने की शक्ति प्रदान करने के लिए दो मिनट का मौन धारण किया।

इस श्रद्धांजलि सभा में लॉयर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवींद्र शर्मा, उमेश शुक्ल, संजीव कपूर, राकेश सिद्धार्थ, शिवम गंगवार, वीर जोशी, साजिद खान, इंद्रेश मिश्रा और प्रियम जोशी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ व युवा अधिवक्ता मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User