रात में ही उठे बाजारों का कूड़ा, देर रात निरीक्षण पर निकले डीएम, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

कानपुर में डीएम, नगर आयुक्त और सीडीओ ने देर रात सफाई व्यवस्था परखी। बाजार बंद होते ही कूड़ा उठाने, नाइट स्वीपिंग कराने और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

Oct 08, 2026 - 22:23
0 2
रात में ही उठे बाजारों का कूड़ा, देर रात निरीक्षण पर निकले डीएम, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

कानपुर। शहर को स्वच्छ बनाए रखने की कवायद में जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने देर रात नगर के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर सफाई और कूड़ा उठान व्यवस्था का जायजा लिया। उनके साथ नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर ही व्यवस्थाओं की पड़ताल की और कमियां मिलने पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने साफ कहा कि बाजार बंद होते ही रात के समय कूड़े का उठान कराया जाए, ताकि सुबह दुकानें खुलने से पहले क्षेत्र साफ-सुथरा दिखे। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त वाहनों और कर्मचारियों की तैनाती की जाए, जिससे कूड़ा उठान में किसी तरह की देरी न हो।

एक्सप्रेस रोड पर गंदगी देखकर डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने तीन दिन के भीतर क्षेत्र की सफाई कराने के निर्देश दिए और कहा कि इसके बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा। घसियारी मंडी में स्थित गार्बेज वल्नरेबल प्वाइंट को समाप्त करने और वहां का कूड़ा ट्रांसफर स्टेशन भेजने के आदेश भी दिए गए। साथ ही उस स्थान पर इंटरलॉकिंग कराने को कहा गया, ताकि वहां दोबारा कूड़ा जमा न हो।

अधिकारियों ने रात में नाइट स्वीपिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया। उनका कहना था कि पर्याप्त रोशनी और नियमित सफाई से न केवल स्वच्छता बनी रहेगी, बल्कि रात में काम करने वाले कर्मचारियों को भी सहूलियत होगी।

इसके साथ ही दुकानदारों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए कि वे अपना कूड़ा केवल निर्धारित स्थान पर ही दें और इधर-उधर न फेंकें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रात में कूड़ा फेंकने पर रोक लगाई जाए। डीएम ने चेतावनी दी कि सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे वह कर्मचारी हों या जिम्मेदार अधिकारी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User