छिवकी लॉबी में रेलकर्मियों को पढ़ाया संरक्षा का पाठ, शून्य दुर्घटना का लिया संकल्प
प्रयागराज मंडल के छिवकी लॉबी में संरक्षा सेमिनार आयोजित हुआ। वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी की मौजूदगी में करीब 35 रनिंग और परिचालन कर्मियों को सिग्नल, शंटिंग व सुरक्षा नियमों की सीख दी गई।
प्रयागराज। रेल संचालन को अधिक सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने की दिशा में प्रयागराज मंडल ने एक और अहम कदम उठाया है। 07 अक्टूबर 2026 को छिवकी लॉबी में विशेष संरक्षा सेमिनार का आयोजन हुआ, जिसमें रनिंग स्टाफ सहित परिचालन विभाग के लगभग 35 कर्मचारी शामिल हुए। कार्यक्रम की अगुवाई वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी उमेश चन्द शुक्ला ने की।
सेमिनार में कर्मचारियों को उन बारीकियों से अवगत कराया गया, जिन पर रेल सुरक्षा टिकी होती है। सिग्नल पासिंग एट डेंजर (SPAD) के संभावित कारणों और उससे बचने के उपायों पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके साथ ही शंटिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और उसकी प्रभावी निगरानी के तरीके समझाए गए। रिले रूम को खोलते और बंद करते समय अपनाई जाने वाली सुरक्षा प्रक्रियाओं पर भी विशेष जोर दिया गया। संरक्षा, सुरक्षा और समयपालन के आपसी संबंध को भी उदाहरणों के साथ स्पष्ट किया गया।
प्रयागराज मंडल से पहुंचे संरक्षा अधिकारियों और उनकी टीम ने कहा कि रेल संचालन में छोटी-सी चूक भी बड़े हादसे का रूप ले सकती है। इसलिए हर कर्मचारी को अपनी जिम्मेदारी पूरी सतर्कता, अनुशासन और तय नियमों के अनुरूप निभानी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से दुर्घटनाओं को शून्य स्तर पर लाने के लिए हमेशा सजग रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्टेशन अधीक्षक छिवकी कुमार राकेश, वरिष्ठ क्रू कंट्रोलर एस. एन. द्विवेदी और मुख्य लोको निरीक्षक हेमंत कुमार ने भी संरक्षा से जुड़े अलग-अलग पहलुओं पर अपने अनुभव और मार्गदर्शन साझा किए। उन्होंने सिग्नल, शंटिंग और परिचालन संबंधी कार्यों में निर्धारित प्रक्रियाओं का सख्ती से पालन करने की सलाह दी। साथ ही यह भी कहा कि किसी भी असामान्य स्थिति का आभास होते ही बिना देरी संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई हो सके।
अधिकारियों ने बताया कि इस सेमिनार का मूल उद्देश्य रनिंग और परिचालन कर्मचारियों में संरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि रेल संचालन सुरक्षित, सुचारु और दुर्घटनारहित बना रहे। कर्मचारियों ने भी नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करने का भरोसा दिलाया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)