हरियाली तीज पर सावन में संस्कृति की छटा, ढोलक-मंजीरे संग झूमीं महिलाएं

कानपुर में बीजेपी महिला मोर्चा द्वारा हरियाली तीज पर सांस्कृतिक आयोजन, महिलाओं ने पारंपरिक अंदाज़ में मनाया पर्व।

Jul 30, 2025 - 22:06
 0  1
हरियाली तीज पर सावन में संस्कृति की छटा, ढोलक-मंजीरे संग झूमीं महिलाएं
ढोलक-मंजीरे संग झूमीं महिलाएं

कानपुर : सावन की हरियाली और महिलाओं की पारंपरिक उमंग से सराबोर हरियाली तीज पर्व को लेकर बीजेपी महिला मोर्चा, कल्याणपुर मंडल द्वारा सोमवार को एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह रंगारंग आयोजन केशवपुरम अवंतिका लॉन में संपन्न हुआ, जिसकी अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष वंदना परिहार ने की, वहीं कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महापौर प्रमिला पांडे रहीं।

महापौर प्रमिला पांडे स्वयं भी इस उत्सव में पारंपरिक अंदाज में शामिल हुईं। उन्होंने ढोलक और मंजीरे की थाप पर भजन गाकर न सिर्फ सबका ध्यान आकर्षित किया बल्कि सावन की रिमझिम में संस्कृति का रंग भी घोला। उन्होंने कहा, "सावन का महीना महिलाओं के लिए विशेष होता है। ऐसे आयोजनों से हमें अपनी जड़ों से जुड़ने और संस्कृति को संजोने का अवसर मिलता है।"

वहीं, मंडल अध्यक्ष वंदना परिहार ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखना है। उन्होंने कहा, "हम महिलाओं को केवल सशक्त ही नहीं बनाना चाहते, बल्कि उन्हें अपनी सांस्कृतिक धरोहर से भी जोड़ना चाहते हैं। ऐसे उत्सव सामाजिक एकता और परंपरा दोनों को मजबूती प्रदान करते हैं।"

कार्यक्रम के दौरान झूले, पूजा-पाठ, पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य ने तीज महोत्सव को एक पारिवारिक और सांस्कृतिक उत्सव का रूप दे दिया। रंग-बिरंगी साड़ियों, मेहंदी लगे हाथों और पारंपरिक गहनों में सजी महिलाओं ने उत्सव की सुंदरता को और निखार दिया।

सैकड़ों महिलाओं की भागीदारी और पारंपरिक आयोजन ने यह स्पष्ट किया कि हरियाली तीज न केवल एक पर्व है, बल्कि नारी सशक्तिकरण और सांस्कृतिक चेतना का उत्सव भी है। महिला मोर्चा के इस प्रयास की नगरवासियों ने भी सराहना की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0