लखनऊ में सजा देश की सबसे बड़ी 'कोड बॉट चैंपियनशिप' का मंच, 200 टीमों के बाल-वैज्ञानिकों ने रोबोटिक्स और ड्रोन से रचा इतिहास
लखनऊ के एसकेडी अकादमी में राष्ट्रीय कोड बॉट चैंपियनशिप का आयोजन। 200 टीमों के 3D, रोबोटिक्स और कोडिंग हुनर से चमका उत्तर प्रदेश का नाम।
(आर.एल.पाण्डेय)
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित एसकेडी अकादमी (वृंदावन योजना) में तकनीक और नवाचार का महासंगम देखने को मिला। संस्थान द्वारा 'Createwiz' के विशेष सहयोग से राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित 'कोड बॉट चैंपियनशिप' का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता ने राज्य में स्कूली स्तर पर रोबोटिक्स के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
देशभर से जुटीं 200 टीमें, 6 रोमांचक श्रेणियों में दिखा दम
इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में देश के विभिन्न राज्यों से लगभग 200 टीमों ने भाग लिया। कक्षा 3 से 12वीं तक के नन्हे और युवा वैज्ञानिकों ने अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता को 6 रोमांचक श्रेणियों में बांटा गया था—
रोबो रेस (Robo Race)
बॉट कॉम्बैट (Bot Combat)
फास्टेस्ट लाइन फॉलोअर (Fastest Line Follower)
इनोवेशन चैलेंज (Innovation Challenge)
रोबो सॉकर (Robo Soccer)
ड्रोन रेसिंग (Drone Racing)
इन प्रतियोगिताओं के जरिए विद्यार्थियों की कोडिंग, लॉजिकल थिंकिंग, प्रॉब्लम-सॉल्विंग और टीमवर्क की परीक्षा हुई।
विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया उद्घाटन
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सरोजनी नगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने किया। इस दौरान यूपी मेट्रो के ज्वाइंट जनरल मैनेजर अंकित यादव, अपर डीसीपी (साइबर क्राइम) किरण यादव, एसकेडी ग्रुप के निदेशक मनीष सिंह, उप निदेशक निशा सिंह और सहायक निदेशक कुसुम बत्रा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अतिथियों ने छात्रों के रोबोटिक मॉडल्स की जमकर सराहना की।
विजेता छात्रों को मिले ट्रॉफी और नकद पुरस्कार
चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को ट्रॉफी, मेडल और कैश प्राइज से सम्मानित किया गया।
शीर्ष प्रदर्शनकर्ता: के.आर. मंगलम स्कूल के वर्णन सिंह; एसकेडी अकादमी के मोहम्मद अलमाज़, हार्दिक पाल व पृथुराज मिश्रा; सीएमएस महानगर के अनय टंडन, विराट त्रिपाठी व रेयांश यादव; सीएमएस कानपुर रोड के कार्तिक कपूर व मौली कपूर; एमिटी इंटरनेशनल के नमन शुक्ला, सार्थक पाल व अवि पांडेय तथा इंदापुर के उमर मेराज शेख।
विशेष सम्मान: ला मार्टिनियर गर्ल्स की सौम्या मित्तल, शनाया भार्गव, गुनीत कौर व किआया सहगल; ब्राइटलैंड स्कूल की प्रतिज्ञा सिंह, प्रियंशी अवस्थी, आराध्या सिंह, अंशिका व नव्या तथा इंदापुर के ऋषु पंडित व सतीश पाटिल को विशेष पुरस्कार मिला।
आयोजन की सफलता के बाद एसकेडी अकादमी ने जल्द ही 'कोडिंग, डिकोडिंग और गेमिंग' पर आधारित एक और बड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित करने का ऐलान किया है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)