प्रतापगढ़: शीतला सप्तमी मेला संपन्न कराने को थाना मानिकपुर में बैठक, तैयारियां तेज

मानिकपुर थाने में शीतला सप्तमी मेला की तैयारियों को लेकर बैठक। अधूरी सड़क पर सीओ ने ठेकेदार को दी चेतावनी।

Jul 03, 2026 - 18:08
Updated: 4 hours ago
0 0
प्रतापगढ़: शीतला सप्तमी मेला संपन्न कराने को थाना मानिकपुर में बैठक, तैयारियां तेज

कुंडा-प्रतापगढ़। धार्मिक नगरी मानिकपुर स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां ज्वालामुखी देवी धाम में आगामी 6 जुलाई से शुरू होने वाले पांच दिवसीय आषाढ़ शीतला सप्तमी धार्मिक मेले को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी सिलसिले में क्षेत्राधिकारी (सीओ) कुंडा शिव नारायण बैस की अध्यक्षता में मानिकपुर थाना परिसर में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में मां ज्वालामुखी देवी मंदिर ट्रस्ट के सचिव डॉ. विजय यादव ने बीते 20 जून को उपजिलाधिकारी वाचस्पति सिंह की अध्यक्षता में तय की गई विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों का ब्यौरा रखा। सीओ शिव नारायण बैस ने सभी संबंधित विभागों को दो दिन के भीतर अपने-अपने कार्य हर हाल में पूरे करने के कड़े निर्देश दिए हैं।

अधूरी सड़क को लेकर ठेकेदार को सख्त अल्टीमेटम
बैठक के दौरान गढ़ी मानिकपुर रेलवे स्टेशन से ज्वाला देवी धाम होते हुए शाहाबाद गंगा घाट तक निर्माणाधीन अर्धनिर्मित सीसी रोड की बदहाली पर अधिकारियों और स्थानीय लोगों ने गहरी नाराजगी जताई। बिखरी गिट्टियों और अधूरी सड़क को लेकर सीओ ने ठेकेदार को सख्त हिदायत देते हुए 5 जुलाई तक हर हाल में मार्ग को श्रद्धालुओं के चलने योग्य बनाने का निर्देश दिया। उपस्थित गणमान्य नागरिकों ने सड़क समय पर न बनने पर ठेकेदार के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की मांग की।

"मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। सड़क निर्माण में लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।" - शिव नारायण बैस, क्षेत्राधिकारी कुंडा

नगर के जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को मेला सकुशल संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रभारी निरीक्षक पंकज कुमार राय, विद्युत अवर अभियंता राकेश कुमार, तीर्थ पुरोहित संघ अध्यक्ष प्रेम नाथ दीक्षित, बॉबी गुप्ता, पंडित रामभरोस मिश्रा और रिजवान अहमद सहित कई लोग मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User