राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने अंबेडकरनगर केंद्रों का किया निरीक्षण
महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने अंबेडकरनगर में वन स्टॉप सेंटर और पोषण पुनर्वास केंद्र का निरीक्षण किया।
अंबेडकरनगर: उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती अपर्णा यादव ने जिला चिकित्सालय परिसर स्थित वन स्टॉप सेंटर और पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष श्याम सुंदर वर्मा, जिलाधिकारी ईशा प्रिया और मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के पहले चरण में उपाध्यक्ष ने वन स्टॉप सेंटर का जायजा लिया। उन्होंने वहां आश्रय ले रहीं पीड़ित महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं और केंद्र द्वारा दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि पीड़ित महिलाओं को शासन की मंशानुसार तत्काल और प्रभावी सहायता प्रदान की जाए और उनकी हर समस्या का प्राथमिकता से निवारण हो।
इसके बाद उपाध्यक्ष ने पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) का रुख किया, जहां निरीक्षण के समय 10 बच्चे भर्ती मिले। श्रीमती अपर्णा यादव ने बच्चों के परिजनों से बातचीत की और उन्हें बच्चों के संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया। उन्होंने सलाह दी कि घर में मौजूद दाल, हरी सब्जियां, सत्तू, जौ और चने की रोटी जैसे पारंपरिक व पौष्टिक खाद्य पदार्थों का नियमित उपयोग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए बेहद जरूरी है।
उन्होंने एनआरसी से डिस्चार्ज होने के बाद भी बच्चों की निरंतर देखभाल करने पर जोर दिया ताकि कुपोषण दोबारा न पनपे। इस दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने भी अभिभावकों से अपील की कि वे चिकित्सकों द्वारा निर्धारित 14 दिनों के पूरे कोर्स तक बच्चों को केंद्र में रखें। अंत में उपाध्यक्ष ने भर्ती बच्चों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए उन्हें फल और बेबी किट वितरित किए।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)