अम्बेडकरनगर में यूपीटीईटी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किया औचक निरीक्षण
अम्बेडकरनगर के 12 केंद्रों पर यूपीटीईटी परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न हुई। जिलाधिकारी और एसपी ने केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
अम्बेडकरनगर – उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET)-2026 के दूसरे दिन जनपद के सभी 12 निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर दोनों पालियों की परीक्षा पूरी तरह से शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सकुशल संपन्न हो गई। परीक्षा की शुचिता और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया और पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने सर्वोदय इंटर कॉलेज (कोटवा मुहम्मदपुर) और बीएन इंटर कॉलेज (अकबरपुर) सहित कई प्रमुख केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया, उनके पहचान सत्यापन (बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन), सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता और परीक्षा संचालन के लिए की गई अन्य प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा।
निरीक्षण के समय जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने केंद्र व्यवस्थापकों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को कड़े निर्देश दिए कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता के साथ संपन्न कराया जाए और शासन द्वारा जारी गाइडलाइंस का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने आगाह किया कि शुचिता से समझौता करने या किसी भी प्रकार की लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
वहीं, पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल को मुस्तैद रहने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को एक सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण मिल सके। सघन चेकिंग के बाद ही अभ्यर्थियों को कक्ष में प्रवेश दिया गया। सघन निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक इंतजाम पूरी तरह से संतोषजनक पाए गए, जिसके चलते परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सुव्यवस्थित ढंग से पूरी हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)