मानिकपुर में मुख्य मार्ग पर झुका बिजली का खंभा दे रहा बड़े हादसे को दावत
प्रतापगढ़ के मानिकपुर में मुख्य मार्ग पर झुका बिजली का खंभा बड़े हादसे को दावत दे रहा है, ग्रामीण खौफ में हैं।
मानिकपुर (प्रतापगढ़) — नगर पंचायत मानिकपुर के मिरगडवा से शाहाबाद घाट जाने वाले मुख्य मार्ग पर लगा एक बिजली का खंभा इन दिनों राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए काल का सबब बना हुआ है। भारी बिजली के तारों के अत्यधिक बोझ के कारण यह पोल एक तरफ खतरनाक ढंग से झुक गया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरी हाई-टेंशन बिजली लाइन को गिरने से बचाने के लिए विभाग की जगह स्थानीय लोगों ने बांस का सहारा दे रखा है।
विद्युत विभाग की इस घोर लापरवाही के कारण पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, शाहाबाद घाट मार्ग क्षेत्र का एक प्रमुख रास्ता है। इस मार्ग से चौबीसों घंटे स्कूली बच्चों, किसानों, आम राहगीरों और गंगा घाट जाने वाले श्रद्धालुओं का भारी आवागमन रहता है। वर्तमान में बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, ऐसे में तेज हवाओं या बारिश के दौरान यह जर्जर खंभा कभी भी मुख्य सड़क पर जमींदोज हो सकता है। यदि चालू लाइन का खंभा सड़क पर गिरता है, तो भारी जान-माल का नुकसान होना तय है।
क्षेत्रवासियों का आरोप है कि इस गंभीर समस्या को लेकर विद्युत उपकेंद्र के अधिकारियों और संबंधित लाइनमैन को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें दी जा चुकी हैं। इसके बावजूद, विभाग कान में तेल डालकर बैठा है और किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। ग्रामीणों ने आक्रोश जताते हुए कहा कि बांस के भरोसे टिकी यह बिजली लाइन प्रशासन की संवेदनहीनता को बयां कर रही है। क्षेत्र के सजग नागरिकों ने अब जिला प्रशासन और बिजली विभाग के उच्चाधिकारियों से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि इस झुके हुए पोल को तुरंत बदलकर नई लाइन को सुरक्षित नहीं किया गया, तो कभी भी होने वाली अप्रिय घटना की पूरी जिम्मेदारी विद्युत विभाग की होगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)