CM Yogi Adityanath से अधिवक्ताओं को कैशलेस इलाज देने की मांग

कानपुर में विधायक सुरेंद्र मैथानी और अधिवक्ता समिति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को वकीलों के लिए कैशलेस इलाज का मांग पत्र सौंपा।

Jun 18, 2026 - 17:11
Updated: 3 hours ago
0 0
CM Yogi Adityanath से अधिवक्ताओं को कैशलेस इलाज देने की मांग

कानपुर: कानपुर के चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में पधारे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर गोविंद नगर के विधायक सुरेंद्र मैथानी (एडवोकेट) ने अधिवक्ताओं और उनके परिवारों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण मांग उठाई। विधायक मैथानी ने मुख्यमंत्री को एक मांग पत्र सौंपते हुए वकीलों के परिवारों को मुफ्त स्वास्थ्य लाभ देने के लिए कैशलेस इलाज योजना शुरू करने या उन्हें आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने का पुरजोर आग्रह किया।

विधायक सुरेंद्र मैथानी ने मुख्यमंत्री को बताया कि अधिवक्ताओं के लिए सपरिवार निःशुल्क चिकित्सा की कोई ठोस योजना न होने के कारण कई बार वे समय पर बेहतर इलाज कराने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने कहा, "मैं स्वयं एक अधिवक्ता हूँ और उनके परिवारों के इस दर्द को बहुत अच्छी तरह समझता हूँ। मुझे पूरा विश्वास है कि मुख्यमंत्री जी इस विषय पर सकारात्मक निर्णय लेंगे और मैं इसे लागू करवा कर रहूँगा।"

इससे पहले, आज सुबह 'अधिवक्ता कल्याण संघर्ष समिति' के नेतृत्व में वकीलों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल विधायक सुरेंद्र मैथानी के आवास पर पहुंचा था। संघर्ष समिति के संयोजक और लायर्स एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष पं. रवीन्द्र शर्मा ने विधायक को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि अधिवक्ता समाज लंबे समय से सपरिवार कैशलेस इलाज की मांग कर रहा है। कुछ समय पूर्व मुख्यमंत्री आवास पर इस विषय पर गंभीर वार्ता भी हुई थी, लेकिन अभी तक धरातल पर कोई ठोस आदेश जारी नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री के कानपुर आगमन को देखते हुए उन्होंने विधायक से इस मांग को प्रभावी ढंग से उठाने की अपील की थी।

विधायक मैथानी ने अपना वादा निभाते हुए कृषि विश्वविद्यालय परिसर में मुख्यमंत्री से सीधे संवाद कर अधिवक्ताओं का यह मांग पत्र उन्हें सौंपा। इस पूरे अभियान और प्रतिनिधिमंडल में मुख्य रूप से प्रशांत शुक्ला, आशीष गुप्ता, संजीव कपूर, राकेश सिद्धार्थ, शिवम गंगवार, प्रियम जोशी, अभिषेक शर्मा और वीर जोशी सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User