पुलिस लाइन में सशक्तिकरण की नई पहल: जिम, लाइब्रेरी, सैलून सहित कई सुविधाएं शुरू

अंबेडकरनगर पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए जिम, पुस्तकालय, सैलून और मनोरंजन सुविधाओं का शुभारंभ हुआ

पुलिस लाइन में सशक्तिकरण की नई पहल: जिम, लाइब्रेरी, सैलून सहित कई सुविधाएं शुरू
पुलिस लाइन में सशक्तिकरण की नई पहल: जिम

अंबेडकरनगर। जिले के पुलिस लाइन परिसर में अब पुलिसकर्मियों को न केवल मजबूत शारीरिक स्वास्थ्य, बल्कि मानसिक ताजगी और बौद्धिक विकास के लिए भी सशक्त वातावरण मिलेगा। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के निर्देशन में पुलिस बल के कल्याण हेतु कई नई मूलभूत सुविधाओं का उद्घाटन किया गया।

इस अभिनव पहल के अंतर्गत पुलिस लाइन में अत्याधुनिक जिम, पुस्तकालय, सैलून, इंडोर रूम और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का शुभारंभ किया गया है। इन सभी सुविधाओं का उद्देश्य पुलिस बल को कार्यदक्ष, सजग और अनुशासित बनाए रखना है।

जिम में ट्रेंडमिल, वेट मशीन, डंबल्स और अन्य फिटनेस उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। यह केंद्र पुलिसकर्मियों को फिट रखने के साथ-साथ तनाव को कम करने में भी सहायक होगा।

पुलिस बल के बौद्धिक स्तर को विकसित करने हेतु एक समृद्ध पुस्तकालय की स्थापना की गई है, जिसमें कानून, सामान्य ज्ञान, प्रेरणात्मक साहित्य और समसामयिक विषयों पर आधारित पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। यह सुविधा पुलिसकर्मियों को सतत अध्ययन और आत्मविकास के लिए प्रेरित करेगी।

स्मार्ट और अनुशासित उपस्थिति के लिए पुलिस परिसर में एक स्वच्छ व सुव्यवस्थित सैलून की शुरुआत की गई है। यहां बाल कटवाने, शेविंग और ग्रूमिंग जैसी सेवाएं प्रदान की जाएंगी, जिससे कर्मचारियों को ड्यूटी पर प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराने में मदद मिलेगी।

आराम और मनोरंजन के लिए बनाए गए इंडोर रूम में कैरम, शतरंज जैसे खेलों की सुविधा के साथ टेलीविजन भी उपलब्ध है। यह स्थान पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के बाद आपसी संवाद, विश्राम और मानसिक ताजगी के लिए उपयुक्त वातावरण देगा।

पुलिस लाइन परिसर की निगरानी को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक आधुनिक सीसीटीवी कंट्रोल रूम की स्थापना भी की गई है, जो सुरक्षा व्यवस्था को सतत मॉनिटरिंग के माध्यम से सुदृढ़ बनाएगा।

पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि “पुलिस बल को प्रभावी बनाए रखने के लिए उन्हें हर पहलू से समर्थ बनाना आवश्यक है। ये सुविधाएं पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य प्रदर्शन और संतुलित जीवनशैली के लिए प्रोत्साहित करेंगी।”