मैक्स हॉस्पिटल ने सिखाई जीवन रक्षक 'सीपीआर' तकनीक
मैक्स हॉस्पिटल और सिविल डिफेंस लखनऊ ने 100 स्वयंसेवकों को आपातकालीन जीवन रक्षक तकनीक और सीपीआर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया
लखनऊ : राजधानी के नागरिकों की सुरक्षा और आपातकालीन चिकित्सा सहायता को सुदृढ़ करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, लखनऊ और सिविल डिफेंस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में स्वयंसेवकों के लिए एक विशेष सीपीआर (Cardiopulmonary Resuscitation) एवं फर्स्ट एड कार्यशाला का भव्य आयोजन किया गया।
कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में मैक्स हॉस्पिटल के इमरजेंसी विभाग के प्रमुख डॉ. सौरभ सिंह ने व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि कार्डियक अरेस्ट जैसी गंभीर स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट 'गोल्डन ऑवर' होते हैं। डॉ. सिंह ने डमी के माध्यम से सीपीआर की सही तकनीक का प्रदर्शन किया और बताया कि कैसे एक साधारण व्यक्ति की सतर्कता और सही प्रतिक्रिया किसी की जान बचा सकती है।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि आईपीएस ध्रुव कांत ठाकुर (महानिदेशक, सिविल डिफेंस) ने किया। स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा और आपातकालीन स्थितियों में सिविल डिफेंस की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण से हमारे स्वयंसेवक समाज में और अधिक प्रभावी ढंग से मदद कर पाएंगे।
मैक्स हॉस्पिटल के यूनिट हेड प्रमित मिश्रा ने समाज के प्रति उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सिविल डिफेंस के कई वार्डनों को सम्मानित किया। इस कार्यशाला में लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 100 सदस्यों ने भाग लिया और जीवन बचाने के महत्वपूर्ण गुर सीखे।
कार्यशाला के सफल आयोजन में सहायक उपनियंत्रक मनोज वर्मा और स्टाफ ऑफिसर सुमित मौर्य का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर उपनियंत्रक रविन्द्र कुमार, डिप्टी चीफ वार्डन गुरप्रीत सिंह सेठी, स्टाफ अफसर ऋतुराज रस्तोगी, और वरिष्ठ सहायक उपनियंत्रक ऋषि कुमार सहित नफीस अहमद, दिनेश माथुर, रामगोपाल सिंह और ऐश्वर्या शर्मा जैसे कई अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन आशिष शर्मा द्वारा किया गया।
यह कार्यशाला न केवल एक प्रशिक्षण सत्र थी, बल्कि लखनऊ को एक सुरक्षित और स्वास्थ्य-जागरूक शहर बनाने की दिशा में एक बड़ा प्रयास साबित हुई।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0