भारत के अंतरिक्ष वीर शुभांशु के लिए मां गंगा की आरती, एक्सिओम-4 मिशन की सफलता को समर्पित

ऋषिकेश में गंगा आरती द्वारा एक्सिओम-4 मिशन की सफलता और शुभांशु शुक्ला की सलामती के लिए प्रार्थना की गई।

भारत के अंतरिक्ष वीर शुभांशु के लिए मां गंगा की आरती, एक्सिओम-4 मिशन की सफलता को समर्पित

ऋषिकेश: भारत के अंतरिक्ष मिशन एक्सिओम-4 की ऐतिहासिक उड़ान को लेकर पूरे देश में उत्साह है। इस मिशन में नासा के कैनेडी स्पेस सेंटर से उड़ान भर चुके भारतीय ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला को विशेष आशीर्वाद देने के लिए ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट द्वारा एक अनोखी पहल की गई। पूर्णानंद घाट पर महिलाओं द्वारा की गई विशेष गंगा आरती इस मिशन की सफलता और अंतरिक्ष यात्रियों की सलामती को समर्पित रही।

गंगा मैया का दुग्धाभिषेक कर 108 लीटर दूध की खीर का वितरण भी किया गया। इस भव्य आयोजन में महिलाओं ने मां गंगा से प्रार्थना की कि भारत के लाल शुभांशु शुक्ला एवं उनके सहयोगियों को अंतरिक्ष यात्रा में सफलता मिले और वे स्वस्थ एवं दीर्घायु रहें।

गंगा आरती में डॉ. ज्योति शर्मा, आचार्य सोनिया राज, आशा डंग, बंदना नेगी, गायत्री देवी, पूनम रावत, प्रमिला और अंजना उनियाल जैसी अनेक महिलाएं शामिल रहीं जिन्होंने आरती के माध्यम से भारतीय गौरव की इस ऐतिहासिक यात्रा को दिव्यता प्रदान की।

इस अवसर पर ऋषिकेश गंगा आरती ट्रस्ट के अध्यक्ष हरिओम शर्मा ज्ञानी जी ने कहा, "भारत के लिए यह गर्व का क्षण है कि हमारे देश के युवा अंतरिक्ष की ऊंचाइयों को छू रहे हैं। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने जिस साहस और समर्पण के साथ अंतरराष्ट्रीय टीम के साथ उड़ान भरी है, वह भारत के आत्मगौरव को नई ऊंचाई देता है।"

गंगा आरती में न केवल आध्यात्मिक समर्पण दिखा, बल्कि यह एक सांस्कृतिक संदेश भी था कि भारत की परंपराएं और विज्ञान एक साथ मिलकर देश के विकास में योगदान दे रहे हैं। महिलाओं ने भी इस आयोजन को लेकर गहरी खुशी जताई और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में भविष्य की और भी ऊंची उड़ानों की कामना की।