अंबेडकरनगर: ग्राम पंचायत विकास योजना पर जागरूकता बैठक का आयोजन
अंबेडकरनगर: अंबेडकरनगर के जलालपुर ब्लाक में जन शिक्षण केंद्र और फोर्सेस उत्तर प्रदेश के संयुक्त तत्वावधान में 08 ग्राम पंचायतों में ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के अंतर्गत जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया।

इस बैठक में विशेष रूप से पंचायतों को बाल हितैषी और महिला हितैषी बनाने पर चर्चा की गई। महिलाओं और बच्चों के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और उन्हें ग्राम पंचायत विकास योजना के लाभ के बारे में बताया गया।
बैठक में सावित्री बाई फुले नारी संघ और महिला किसान संघठन के साथ ग्राम स्तर पर चर्चा की गई, जिसमें महिलाएं और बच्चे शामिल हुए। इस दौरान कम लागत और बिना लागत विकास कार्यों, बाल मित्र पंचायत बनाने और बाल स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं पर भी जानकारी दी गई। बच्चों की प्रारंभिक देखरेख, 0 से 6 वर्ष तक की उम्र में स्वास्थ्य सेवाओं की महत्ता पर भी चर्चा की गई।
जन शिक्षण केंद्र की सचिव पुष्पा पाल ने बताया कि जीपीडीपी के तहत पंचायतों में बैठकें आयोजित कर जनता की आवश्यकताओं का मूल्यांकन किया जाता है, और इन आवश्यकताओं के आधार पर वार्षिक और पंचवर्षीय कार्य योजनाएं बनाई जाती हैं। इस अभियान में पंचायत स्तर के कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और ग्राम पंचायत विकास योजना को समझाने का प्रयास किया। कार्यक्रम का समापन संविधान की उद्देशिका के साथ किया गया।