युवा मोर्चा की बाइक रैली से गूंजा ‘इंकलाब’ का नारा, 2027 में फिर BJP सरकार का संकल्प
प्रयागराज में BJP युवा मोर्चा ने बाइक रैली निकालकर 2027 में फिर से भाजपा सरकार लाने का संकल्प लिया।

(जैनुल आब्दीन)
प्रयागराज। भारतीय जनता पार्टी के युवा मोर्चा ने एक बार फिर 2027 के चुनावी समर में हुंकार भरते हुए प्रयागराज की सड़कों पर इंकलाब का नारा गूंजा दिया। युवा मोर्चा अध्यक्ष रोहित ‘पप्पू’ पांडे के नेतृत्व में चंद्रशेखर आजाद पार्क से एक भव्य बाइक रैली निकाली गई, जिसमें हजारों युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
रैली की शुरुआत महापौर गणेश केसरवानी, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता और वरिष्ठ नेता नीरज त्रिपाठी द्वारा पार्टी झंडा दिखाकर की गई। उन्होंने कहा कि युवा मोर्चा ने 2027 में फिर भाजपा सरकार बनाने का संकल्प ले लिया है। अबकी बार युवाओं के जोश और सरकार की उपलब्धियों के दम पर समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस को करारी शिकस्त दी जाएगी।
रैली में शामिल युवाओं ने क्रांतिकारी चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर ‘इंकलाब जिंदाबाद’ का नारा लगाया और अपने जोश से पूरे शहर को जागरूक करने का प्रयास किया। रैली का मुख्य उद्देश्य केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों और योजनाओं की जानकारी जनता तक पहुंचाना और युवाओं को भाजपा से जोड़ना था।
बाइक रैली चंद्रशेखर आजाद पार्क से शुरू होकर पत्रिका चौराहा, सिविल लाइंस चौराहा, सुभाष चौराहा और हॉटस्टफ चौराहा होते हुए भाजपा कार्यालय, सिविल लाइंस में समाप्त हुई। कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में लगी भाजपा की ऐतिहासिक उपलब्धियों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
युवाओं के हाथों में पार्टी के झंडे और सरकार की उपलब्धियों से संबंधित प्लेकार्ड थे। रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।
महानगर भाजपा पदाधिकारियों के साथ-साथ युवा मोर्चा की महिला और पुरुष इकाइयों की बड़ी भागीदारी ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया। रैली का संदेश साफ था—भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियां ही देश के भविष्य की कुंजी हैं और युवा वर्ग अब इसे बखूबी समझ चुका है।
भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रोहित पांडे ने कहा कि यह रैली मात्र शुरुआत है। अगले दो वर्षों में युवा मोर्चा हर वार्ड, हर मोहल्ले और हर कॉलेज तक पहुंचेगा और युवाओं को पार्टी से जोड़कर 2027 में एक बार फिर प्रचंड बहुमत से भाजपा सरकार बनाएगा।