हरदोई में शिव सत्संग मंडल का भव्य धर्मोत्सव, भक्ति और ध्यान से जीवन कल्याण का संदेश

हरदोई में शिव सत्संग मंडल के धर्मोत्सव में भक्ति, ध्यान और सत्संग के माध्यम से जीवन कल्याण का संदेश

हरदोई में शिव सत्संग मंडल का भव्य धर्मोत्सव, भक्ति और ध्यान से जीवन कल्याण का संदेश
भक्ति और ध्यान से जीवन कल्याण का संदेश

हरदोई। आध्यात्मिक चेतना और भक्ति की मधुर धारा प्रवाहित करते हुए शिव सत्संग मंडल द्वारा सिकंदरपुर कल्लू के पास स्थित मैदान में विशाल आंचलिक धर्मोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए और भक्ति रस में सराबोर होकर जीवन कल्याण के सूत्रों को ग्रहण किया।

मंडलाध्यक्ष आचार्य अशोक ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि परमात्मा की भक्ति और ध्यान ही समग्र जीवन के कल्याण का माध्यम है। संतों और भक्तों ने सदैव भक्ति मार्ग पर चलकर परमात्मा की प्राप्ति की है। उन्होंने गृहस्थ जीवन जीने वाले लोगों को भी भक्ति और कर्म मार्ग पर आगे बढ़ने का संदेश दिया।

धर्मोत्सव में शाहजहांपुर से पधारे जिला प्रमुख डॉ. कालिका प्रसाद ने कहा कि शिव सत्संग मंडल समाज में अध्यात्म की अलख जगाने का कार्य कर रहा है। ध्यान और भजन से मानसिक शांति मिलती है जो आज के तनावपूर्ण जीवन में अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि विकारों का त्याग कर परमात्मा से सच्चा प्रेम और समर्पण ही जीवन का वास्तविक सुख है।

व्यवस्था प्रमुख यमुना प्रसाद ने शिव तत्व की व्याख्या करते हुए कहा कि शिव चेतना की चौथी अवस्था समाधि हैं, जो केवल गहन ध्यान में ही प्राप्त होती है। समाधि में मन पूरी तरह समभाव में स्थित रहता है, जहां पूर्ण जागरूकता और शांति दोनों एक साथ विद्यमान रहते हैं।

वरिष्ठ सत्संगी रामअवतार, प्रेम कुमार, हनुमंत, सुदामा देवी, राम अवतार अधिवक्ता, शिक्षक विमल कुमार एवं श्री केशन ने शिव को सृष्टि का मूल बताते हुए कहा कि सम्पूर्ण ब्रह्मांड उन्हीं से उत्पन्न होकर उन्हीं में विलीन होता है। शिव तत्व ही सम्पूर्ण जगत का आधार है।

सत्संगी नन्हें लाल ने भक्ति और ध्यान को जीवन की सफलता का आधार बताया। सोमपाल ने भजन के लाभ, रामौतार ने दान की महिमा, इंस्पेक्टर ने सत्संग की महिमा तथा रवि वर्मा ने विविध मत-मतांतरों पर चर्चा करते हुए शाकाहार को जीवन का मूल आधार बताया।

भजनोपदेशक भैयालाल, राज कुमार और योग प्रशिक्षक सत्यम सक्सेना, धनीराम, आशा राम सहित अन्य कलाकारों ने भावपूर्ण भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया।

धर्मोत्सव का शुभारंभ प्रमुख प्रचारक प्रेम कुमार द्वारा दीप प्रज्वलित कर एवं बहन बेबी के सामूहिक ईश प्रार्थना से हुआ। संचालन मंडल के रवि वर्मा एवं डॉ. अजय पाल सिंह ने संयुक्त रूप से किया। समापन अवसर पर सभी सत्संगी बंधुओं ने प्रतिदिन ब्रह्ममुहूर्त में उठकर परमेश्वर का सुमिरन करने का संकल्प लिया।