2014 से अब तक 2710 भारतीय कैदी पाकिस्तान से लाए गए वापस

2014 से अब तक 2710 भारतीय कैदी पाकिस्तान से लौटे। भारत-पाक ने बंदियों की सूची का आदान-प्रदान किया। 183 कैदियों की रिहाई लंबित।

जनवरी 1, 2025 - 22:34
 0  13
2014 से अब तक 2710 भारतीय कैदी पाकिस्तान से लाए गए वापस
2014 से अब तक 2710 भारतीय कैदी पाकिस्तान से लाए गए वापस

नई दिल्ली। भारत और पाकिस्तान ने बुधवार को अपने-अपने देशों में बंद आम नागरिकों और मछुआरों की सूचियों का राजनयिक माध्यम से आदान-प्रदान किया। भारत ने पाकिस्तान को 381 नागरिक कैदियों और 81 मछुआरों की सूची सौंपी, जिन्हें पाकिस्तानी या पाकिस्तानी माने जाने वाले नागरिक माना गया है। वहीं, पाकिस्तान ने 49 भारतीय नागरिक कैदियों और 217 मछुआरों की सूची साझा की है, जिन्हें भारतीय या भारतीय माना गया है।

कांसुलर एक्सेस समझौते का पालन
विदेश मंत्रालय के अनुसार, यह सूची आदान-प्रदान कांसुलर एक्सेस 2008 समझौते के तहत किया गया, जिसके तहत हर वर्ष 1 जनवरी और 1 जुलाई को यह प्रक्रिया होती है। भारत ने पाकिस्तान से उन 183 मछुआरों और नागरिक कैदियों की रिहाई और स्वदेश वापसी में तेजी लाने का अनुरोध किया है, जिन्होंने अपनी सजा पूरी कर ली है।

तत्काल कांसुलर एक्सेस की मांग
भारत ने पाकिस्तान से 18 भारतीय नागरिकों और मछुआरों को कांसुलर एक्सेस प्रदान करने की मांग की है, जिनके भारतीय होने की संभावना है लेकिन उन्हें अब तक यह सुविधा नहीं मिली है। इसके अलावा, भारत ने पाकिस्तान से अनुरोध किया है कि वह इन कैदियों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करे, जब तक उनकी रिहाई या प्रत्यावर्तन नहीं हो जाता।

राष्ट्र की पुष्टि प्रक्रिया में तेजी
भारत ने पाकिस्तान से अपनी हिरासत में बंद 76 कैदियों की राष्ट्रीयता की पुष्टि की प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा है, जिन्हें पाकिस्तानी नागरिक माना जा सकता है लेकिन पाकिस्तान से राष्ट्रीयता पुष्टि के अभाव में उनकी रिहाई लंबित है।

2014 से अब तक 2,710 भारतीय लौटे
विदेश मंत्रालय के अनुसार, 2014 से अब तक 2,639 भारतीय मछुआरों और 71 नागरिक कैदियों को पाकिस्तान से वापस लाया गया है। इनमें 2023 के दौरान रिहा किए गए 478 भारतीय मछुआरे और 13 भारतीय नागरिक कैदी भी शामिल हैं।

रिपोर्ट: शाश्वत तिवारी

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow