प्रयागराज में निकली मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की भव्य शोभायात्रा, राम दरबार की झांकियों ने मोहा मन
प्रयागराज में श्रीराम जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों और धार्मिक ध्वनि से गूंज उठा शहर का वातावरण।

(जैनुल आब्दीन)
प्रयागराज। श्रीराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर श्रीराम जन्मोत्सव शोभायात्रा समिति एवं विश्व हिंदू परिषद द्वारा आयोजित भव्य शोभायात्रा ने शहर को भक्तिमय कर दिया। शोभायात्रा का शुभारंभ राधारमण इंटर कॉलेज, दारागंज से हुआ, जिसकी शुरुआत पूज्य महंत यमुना गिरी, महंत श्रीराम सेवक गिरी व महापौर गणेश केसरवानी द्वारा आरती कर की गई।
शोभायात्रा में ध्वज पताका, ढोल-नगाड़े, हाथी, घोड़े, ऊँट, व आकर्षक झांकियों में भगवान गणेश, माता दुर्गा, काली, भगवान शंकर, राधेश्याम, मां गंगा-जमुना-सरस्वती, भारत माता, रानी लक्ष्मीबाई और भव्य श्रीराम दरबार विशेष आकर्षण रहे।
इस धार्मिक आयोजन में पूर्व कैबिनेट मंत्री नरेंद्र कुमार सिंह गौर, विधायक हर्षवर्धन बाजपेई, भाजपा महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता, कार्याध्यक्ष सुभाष चंद्र वैश्य, मीडिया प्रभारी राजेश केसरवानी सहित बड़ी संख्या में पार्षद, कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु सम्मिलित हुए। शोभायात्रा ने सांस्कृतिक एकता और भक्ति भावना का अद्वितीय उदाहरण प्रस्तुत किया।