भ्रष्टाचार, अपराध और अनदेखी से गरीब जनता त्रस्त: अशफाक अहमद
कांग्रेस गंगापार जिला अध्यक्ष अशफाक अहमद ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, कहा— गरीब जनता न्याय के लिए दर-दर भटक रही है।

बैठक में भाजपा सरकार की नीतियों और विफलताओं को लेकर तीखी आलोचना की गई।
कॉर्डिनेटर प्रमोद पांडे ने कहा कि भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और अपराध अपने चरम पर हैं। महंगाई आम आदमी की कमर तोड़ रही है और सरकार की संवेदनशीलता खत्म हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा केवल प्रचार में व्यस्त है, जबकि आम जनता की समस्याओं से मुंह मोड़े हुए है।
अशफाक अहमद ने कहा, “भाजपा सरकार में अधिकारियों का कोई नियंत्रण नहीं है। शासन तंत्र पूरी तरह अनियंत्रित हो गया है। आम आदमी, खासकर गरीब, न्याय पाने के लिए दर-दर भटक रहा है। जाति-धर्म में बांटकर न्याय को कुचला जा रहा है। कांग्रेस ऐसे माहौल में चुप नहीं बैठेगी। हम मंदिर-मस्जिद से ऊपर उठकर हर जरूरतमंद को न्याय दिलाने के लिए लड़ते रहेंगे।”
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे कांग्रेस की नीतियों को जनता तक पहुंचाएं और 2027 के चुनावों में भाजपा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए एकजुट होकर कार्य करें। “अब वक्त आ गया है कि जनता को सच्चा विकल्प दिया जाए जो विकास, न्याय और सामाजिक समरसता की बात करे,” उन्होंने जोड़ा।
बैठक में अनेक वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे, जिनमें रामकिसुन पटेल, वरिष्ठ अधिवक्ता देवराज उपाध्याय, भोलानाथ तिवारी, हरिभान सिंह सिंगरौर, दीपचंद तिवारी, अम्बरीष पांडेय, महेंद्र प्रताप सिंह, सुनील पांडेय, हरीराम सिंह, राधारमण यादव सहित कई नाम शामिल रहे।
इस बैठक के माध्यम से कांग्रेस ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि वह आम जनता, विशेषकर गरीब और वंचित वर्ग के साथ खड़ी है और भविष्य में भी उनके अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।