कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन: बांग्लादेश का 5वें सदस्य के रूप में स्वागत
कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन (सीएससी) की 8वीं उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (डीएनएसए) स्तर की बैठक बुधवार को मॉरीशस द्वारा वर्चुअली आयोजित की गई।

नई दिल्ली। इस दौरान भारत समेत मॉरीशस, मालदीव और श्रीलंका ने सीएससी के पांचवें सदस्य राष्ट्र के रूप में बांग्लादेश का स्वागत किया।
विदेश मंत्रालय के अनुसार, सेशेल्स ने पर्यवेक्षक राज्य के रूप में बैठक में भाग लिया। सदस्य देशों ने 12 जुलाई 2023 को मालदीव द्वारा वर्चुअल रूप से आयोजित 7वीं डीएनएसए स्तरीय बैठक, 7-8 दिसंबर 2023 को मॉरीशस द्वारा आयोजित छठी एनएसए स्तरीय बैठक में लिए गए निर्णयों और सीएससी के 2023-2024 के लिए गतिविधियों के रोडमैप के तहत गतिविधियों की प्रगति की समीक्षा की।
इस दौरान सदस्य राष्ट्रों ने इस बात पर सहमति जताई कि सीएससी की 7वीं एनएसए स्तर की बैठक इस साल के अंत में भारत में आयोजित की जाएगी।
बयान के अनुसार, बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (आंतरिक मामले) पंकज कुमार सिंह ने किया, जबकि बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व लेफ्टिनेंट जनरल मिजानुर रहमान शमीम, प्रधान कर्मचारी अधिकारी, सशस्त्र बल प्रभाग, प्रधानमंत्री कार्यालय, बांग्लादेश ने किया।
इसके अलावा मालदीव के उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) हमीद शफीग, मॉरीशस के प्रधानमंत्री कार्यालय में सुरक्षा मामलों के प्रधान समन्वयक योइधिस्तिर थेका और श्रीलंका के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल एलएचएससी सिल्वा ने अपने-अपने देशों के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व किया।
गौरतलब है कि कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन की स्थापना 2020 में हुई थी, जब भारत, श्रीलंका और मालदीव समुद्री सहयोग पर अपनी त्रिपक्षीय बैठक के दायरे का विस्तार करने पर सहमत हुए थे। मार्च 2022 में माले में समूह की पांचवीं बैठक में मॉरीशस सम्मेलन में शामिल हुआ।
What's Your Reaction?






