69वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार में उत्तर रेलवे ने 104 कर्मचारियों को किया सम्मानित, दिल्ली मंडल को मिला सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन का खिताब

नई दिल्ली: उत्तर रेलवे ने राष्ट्रीय रेल संग्रहालय, चाणक्यपुरी, नई दिल्ली में 69वें विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार समारोह का भव्य आयोजन किया। इस अवसर पर उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने 104 अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया।
कार्यक्रम में 54 इकाइयों को उनके कार्य निष्पादन के आधार पर रनिंग शील्ड प्रदान की गई। दिल्ली मंडल को सभी क्षेत्रों में श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए बेस्ट डिवीजन शील्ड से सम्मानित किया गया। वहीं, लखनऊ मंडल को किफायती संचालन के लिए और मुरादाबाद मंडल को बेस्ट इम्प्रूव्ड डिवीजन शील्ड से नवाजा गया।
जम्मू-श्रीनगर रेल लिंक पर प्रकाश
महाप्रबंधक अशोक कुमार वर्मा ने जोन की प्रमुख उपलब्धियों की सराहना करते हुए जम्मू-उधमपुर-श्रीनगर-बारामूला रेल लिंक के जल्द शुरू होने की बात कही, जो कश्मीर घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ेगा। इसके अलावा, कांगड़ा घाटी की नैरो गेज रेलवे लाइन का संचालन भी जम्मू मंडल के तहत किया जाएगा।
“अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार” का जिक्र
महाप्रबंधक ने उत्तर रेलवे के उन 10 कर्मचारियों को भी बधाई दी जिन्हें हाल ही में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा “अति विशिष्ट रेल सेवा पुरस्कार” से सम्मानित किया गया। उन्होंने कर्मचारियों के समर्पण और कड़ी मेहनत को सराहते हुए कहा कि इन पुरस्कारों का उद्देश्य रेल क्षेत्र को अधिक कुशल, सुरक्षित और यात्री-अनुकूल बनाना है।
इस आयोजन में उत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, यूनियनों और एसोसिएशनों के सदस्य भी उपस्थित रहे। समारोह ने उत्तर रेलवे के कर्मचारियों की सामूहिक उपलब्धियों और योगदान को मान्यता देते हुए उनके प्रयासों का जश्न मनाया।
What's Your Reaction?






