नशामुक्त भारत की ओर बढ़ा कदम: भारतीय शक्ति चेतना पार्टी ने निकाली जन जागरण यात्रा
भारतीय शक्ति चेतना पार्टी ने कानपुर में नशामुक्ति रैली निकालकर समाज में नई चेतना और बदलाव का संदेश दिया

यह रैली किदवई नगर स्थित आयुर्वेदिक पार्क से प्रारंभ हुई और बारादेवी, जूही, गौशाला होते हुए पुनः आयुर्वेदिक पार्क पर समाप्त हुई। रैली का उद्देश्य नशामुक्त, मांसाहार मुक्त और भ्रष्टाचार मुक्त समाज का निर्माण करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और वक्ता, पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौरभ द्विवेदी ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा, "हमारा सपना है – नशामुक्त भारत, खुशहाल भारत। पिछले 13 वर्षों से पार्टी इसी लक्ष्य को लेकर कार्य कर रही है और लाखों कार्यकर्ता पूरे देश में इस अभियान में जुटे हुए हैं।" उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ते अपराधों की जड़ नशा है और इसे जड़ से समाप्त करना ही एकमात्र समाधान है।
भगवती मानव कल्याण संगठन के केंद्रीय प्रवक्ता रमेश मिश्र ने कहा कि कानपुर क्रांतिकारियों की धरती रही है, और अब यह भूमि नशे व भ्रष्टाचार के खिलाफ क्रांति की नई शुरुआत करेगी।
रैली की विशेष बात यह रही कि इसमें हजारों माताएं और बहनें भी सक्रिय रूप से शामिल हुईं। उन्होंने 'नारी सम्मान' का संदेश देते हुए कहा, "जब नारी का होगा सम्मान, तभी बनेगा देश महान।" महिलाओं ने नशामुक्त भारत के संकल्प को घर-घर तक पहुँचाने का संकल्प लिया।
इस रैली और सभा में कई प्रमुख पदाधिकारी भी मौजूद रहे जिनमें प्रदेश प्रभारी राजा अवस्थी, प्रदेश अध्यक्ष राम सिंह गौर, महिला प्रदेश अध्यक्ष सुनीता त्रिपाठी, युवा प्रदेश अध्यक्ष अभिनय गुप्ता, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष उमेश प्रताप सिंह, और कानपुर नगर अध्यक्ष चंद्रेश सिंह शामिल रहे।
कार्यक्रम का समापन नशामुक्त समाज और जनचेतना को मजबूती देने के संकल्प के साथ किया गया। पार्टी की ओर से यह संदेश भी दिया गया कि यह आंदोलन केवल रैली तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि हर गांव और शहर तक पहुंचेगा।