ऑपरेशन ब्रह्मा: म्यांमार में राहत कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे भारतीय राजदूत अभय ठाकुर
म्यांमार में भूकंप राहत अभियान ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ की समीक्षा करने पहुंचे भारतीय राजदूत अभय ठाकुर ने ली स्थिति की जानकारी।

नेपीडॉ (म्यांमार)। हाल ही में म्यांमार में आए विनाशकारी भूकंप के बाद भारत द्वारा चलाए जा रहे राहत अभियान ‘ऑपरेशन ब्रह्मा’ की समीक्षा करने भारतीय राजदूत अभय ठाकुर ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने म्यांमार के उप प्रधानमंत्री टिन आंग सान, मंत्रियों सो विन, कान जॉ और उप विदेश मंत्री यू ल्विन ऊ के साथ महत्वपूर्ण बैठकें कीं और राहत प्रयासों पर चर्चा की।
राजदूत ठाकुर ने प्यिनमाना स्थित काली अम्मन मंदिर का भी दौरा किया और वहां भारतीय समुदाय के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने ज़मीनी स्तर पर राहत कार्यों के प्रभाव का आकलन कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की।
???? 'पड़ोसी प्रथम' नीति का उदाहरण बना ऑपरेशन ब्रह्मा
28 मार्च 2025 को म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के भूकंप के बाद भारत ने ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत तेजी से सहायता पहुंचाई। केवल 24 घंटे में भारत ने सी-130 विमान के माध्यम से राहत सामग्री और खोज एवं बचाव दल म्यांमार भेजा, जिसे राजदूत ठाकुर ने स्वयं रिसीव किया।
इसके बाद दो सी-17 ग्लोबमास्टर विमानों से भारत ने 118 सदस्यीय फील्ड हॉस्पिटल यूनिट और 80 टन राहत सामग्री भेजी। इसके अलावा 442 टन खाद्य और जरूरी सामान की एक और खेप भी म्यांमार पहुंचाई गई।
???? 800 से अधिक लोगों का उपचार
ऑपरेशन ब्रह्मा के तहत स्थापित भारतीय फील्ड अस्पताल अब तक 800 से अधिक मरीजों का उपचार कर चुका है। इस मानवीय प्रयास को म्यांमार सरकार और आम लोगों की ओर से सराहना मिली है।
???? भारतीय दूतावास की प्रतिक्रिया
म्यांमार स्थित भारतीय दूतावास ने 'एक्स' (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत की तत्काल और प्रभावी मानवीय सहायता की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह सहयोग भारत की ‘ग्लोबल साउथ’ की प्रतिबद्धता और द्विपक्षीय मित्रता को दर्शाता है।
(शाश्वत तिवारी)