अहिल्याबाई होल्कर सनातन संस्कृति की प्रतीक, न्याय का मार्ग ही धर्म का मार्ग: धर्मेंद्र सिंह राय

प्रयागराज में संगोष्ठी में धर्मेंद्र सिंह ने अहिल्याबाई को न्याय, धर्म और सनातन संस्कृति की प्रतीक बताया

अहिल्याबाई होल्कर सनातन संस्कृति की प्रतीक, न्याय का मार्ग ही धर्म का मार्ग: धर्मेंद्र सिंह राय

प्रयागराज : प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित जिला कार्यालय में आयोजित यमुनापार जिला संगोष्ठी में राजमाता पुण्य श्लोक अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में बोलते हुए उत्तर प्रदेश विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राय ने कहा, “मेरा पथ धर्म का पथ है और धर्म का पथ ही न्याय का पथ है — इस आदर्श को अहिल्याबाई ने अपने शासनकाल में पूर्ण रूप से साकार किया।”

उन्होंने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई ने मुगल आक्रांताओं के खिलाफ संघर्ष करते हुए व्यक्तिगत जीवन में भारी क्षति झेली, लेकिन वे विचलित नहीं हुईं। उन्होंने अपने राज्य को धर्मनिष्ठा, न्यायप्रियता और दूरदर्शिता के माध्यम से समृद्धि की दिशा में अग्रसर किया। उनकी न्यायिक व्यवस्था से प्रभावित जनता उन्हें साक्षात धर्म का रूप मानने लगी थी।

धर्मेंद्र राय ने आगे कहा कि अहिल्याबाई ने काशी, गया, सोमनाथ, द्वारका, रामेश्वरम् सहित देशभर में खंडित मंदिरों का पुनर्निर्माण करवाया और सनातन संस्कृति का पुनर्जीवन किया। "विपक्षी सरकारों ने जहां उन्हें नजरअंदाज किया, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने काशी कॉरिडोर में उनकी प्रतिमा स्थापित कर राष्ट्र का आभार व्यक्त किया," उन्होंने कहा।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने यह संकल्प लिया था कि "मुझे इस मिट्टी की सौगंध है, हम देश को कभी झुकने नहीं देंगे," और आज वे सैनिकों का सम्मान और राष्ट्रीय सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं।

जिलाध्यक्ष राजेश शुक्ल ने अध्यक्षीय भाषण में कहा कि हमें जाति, ऊंच-नीच का भेद छोड़कर अहिल्याबाई के बताए मार्ग पर चलना चाहिए।
जिला मीडिया प्रभारी दिलीप कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत पं. दीनदयाल उपाध्याय, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अहिल्याबाई के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर, दीप प्रज्वलन और वंदेमातरम् के साथ हुई।

कार्यक्रम का संचालन जिला संयोजक अशोक पांडेय ने किया, जबकि आभार महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष सविता शर्मा ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर मौजूद प्रमुख लोग:
पुष्पराज सिंह पटेल (जिला महामंत्री), आकांक्षा सोनकर (प्रदेश मंत्री, महिला मोर्चा), संतोष त्रिपाठी, जय सिंह, सुरेश शुक्ला, सतीश विश्वकर्मा, मनोज गुप्ता सहित मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष, विधानसभा और ब्लॉक स्तर की टोली के अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।